उरीमारी (हजारीबाग): डीएवी पब्लिक स्कूल उरीमारी में मंगलवार को नए प्राचार्य प्रशांत कुमार भुइंया ने विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया। अवसर पर प्रातःकालीन प्रार्थना सभा में विद्यालय के वरीष्ठ शिक्षक डीके मंडल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नए प्राचार्य का स्वागत किया। वहीं सभा में उपस्थित सभी शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने तालियों की गूंज के साथ उनका अभिनंदन किया।
अपने संबोधन में नए प्राचार्य ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई करने और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालय और भी बड़े आयाम तय करे, इसके लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
अवसर पर विद्यालय परिसर में विधिवत हवन-पूजन का आयोजन किया गया। जिसमें नए प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी शामिल हुए। बताते चलें कि पूर्व प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी का स्थानांतरण डीएवी पब्लिक स्कूल घाटो में हुआ है।
