पिकनिक स्पॉट पर उमड़े लोग, रहा जश्न का माहौल
Khabarcell.com
झारखंड : राज्य में नव वर्ष 2023 का जश्न के साथ धूमधाम से स्वागत किया गया। महामहिम राज्यपाल रमेश बैस, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित सूबे के वरीय नेताओं ने लोगों को शुभकामनाएं दी। नये साल के आगमन पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिरों में भगवान के दर्शन और पूजा अर्चना कर मंगलकामना की।
वहीं झारखंड के विभिन्न पिकनिक स्पॉट पर लोग परिवार और परिचितों संग पिकनिक मनाने पहुंचे। जगह-जगह पिकनिक स्पॉट, नदियों, झरनों सहित हरे-भरे प्राकृतिक माहौल में लोगों स्वादिष्ट व्यजंनों का आनंद लेते हुए जमकर मौजमस्ती की। नये साल को लेकर युवाओं में खासा उत्साह रहा। जगह-जगह समूह में युवा फिल्मी गीतों पर नाचते-झूमते दिखे।
रांची के आसपास हुंडरू फॉल, दशम फॉल, जोन्हा फॉल पर लोगों की काफी भीड़ उमड़ी। आसपास के राज्यों से भी लोग यहां पिकनिक मनाने और प्राकृतिक माहौल के बीच नये साल की शुरुआत करने पहुंचे। वहीं पतरातू डैम पर भी लोगों का आगमन हुआ। यहां लोगों ने बोटिंग का जमकर लुत्फ उठाया। आनेवाले कुछ दिनों तक यहां पिकनिक का माहौल रहेगा और कमोबेश लोग आते जाते रहेगें।
वहीं शहरों से गांव तक नये साल पर स्थानीय नदियों और दार्शनिक स्थलों पर देर शाम तक लोग गाजेबाजे के साथ जश्न मनाते रहे।