रामगढ़: भुरकुंडा ओपी अंतर्गत जवाहरनगर पंचायत के हुरूमगढ़ा में शनिवार को एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मिली जानकारी के अनुसार हुरूमगढ़ा निवासी प्रेम करमाली की पत्नी सोनी देवी (23वर्ष) शनिवार की सुबह मायके से वापस अपने ससुराल आई थी। उसके ससुर महादेव करमाली सुबह में काम पर चले गए। जबकि दोपहर बाद प्रेम करमाली गैस लाने बाजार चला गया। इस दौरान सोनी घर में अकेली थी। वापस लौटने पर प्रेम ने घर का दरवाजा बंद पाकर खुलवाने का प्रयास किया। लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

दरवाजा नहीं खोले जाने पर प्रेम करमाली ने घर से सटे एक मकान से कूदकर अपने घर में प्रवेश किया। जहां उसने सोनी को साड़ी के फंदे से झूलता पाया। उसकी  पुकार सुन पड़ोस के लोग जुट गए और आनन-फानन में सोनी को फंदे से उतार सीसीएल अस्पताल भुरकुंडा ले जाया गया। जहां उसके मौत की पुष्टि कर दी गई।

वहीं घटना की जानकारी पर छापर गांव से मृतका के मायके वाले भी हॉस्पिटल पहुंचे। मामले की सूचना भुरकुंडा पुलिस को दी गई है। बताया जाता है कि  पांच माह पहले प्रेम करमाली का विवाह सोनी से हुआ था।

इधर, आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। परिजन किसी प्रकार के घरेलू विवाद से इंकार कर रहे है। खबर लिखे जाने तक शव भुरकुंडा अस्पताल में ही था। 

By Admin

error: Content is protected !!