रामगढ़: नीति आयोग की टीम शनिवार को पतरातू प्रखंड के कोतो पंचायत के बिरहोर टोला का दौरा किया। जहां टीम में शामिल अधिकारियों ने बिरहोरों से सीधे तौर पर संवाद कर उनकी जीवनशैली, रहन-सहन, खान-पान, जीविकोपार्जन के साधन और मिल रही सरकारी सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही बिरहोर टोला में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेकर अधिकारियों ने बिरहोरों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया। 

बिरहोर टोला पहुंची टीम में नीति आयोग के एडीशनल डायरेक्टर आनंद शेखर सहित छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश और झारखंड के प्रशासनिक अधिकारी, प्रशिक्षु अधिकारी, आकांक्षी जिला/प्रखंड फेलो और जिला योजना पदाधिकारी शामिल रहे। सर्वप्रथम टीम के पदाधिकारियों का तिलक लगाकर और पारंपरिक रूप से स्वागत किया। इसके उपरांत ढोल-मांदर के थाप के बीच अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल तक लाया गया। जहां अधिकारियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सखुआ के पत्ते से बने दोने में मड़ुवा के लड्डू, आटा-गुड़ से बना ठेकुआ और कुल्हड़ में चाय देकर पारंपरिक शैली में आतिथ्य सत्कार किया गया। 

अवसर पर नीति आयोग की टीम ने प्रधान मंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान आवास योजना के तहत निर्माणाधीन भवन का जायजा लिया और श्रमदान भी किया। वहीं बिरहोर टोला में कई फलदार पौधों का रोपण भी किया गया। इसके साथ ही अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर आयोजित प्रदर्शनी का भी जायजा लिया। जहां उन्होंने झारखंड के पारंपरिक स्थानीय व्यंजनों, कृषि उत्पाद, पारंपरिक रस्सी निर्माण कला समेत अन्य स्टॉल का अवलोकन किया। 

कार्यक्रम के दौरान एडिशनल डायरेक्टर आनंद शेखर ने सभी को संबोधित करते हुए सरकार द्वारा आकांक्षी जिला एवं प्रखंड कार्यक्रम के तहत किए जा रहे हैं कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बिरहोर जनजाति के लिए कई महत्वकांक्षी योजना चलाई जा रही है। बिरहोर परिवारों को विकास के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ इनके उत्थान के लिए विकास को निर्बाध गति देने की भी जरूरत है। 

मौके पर डीडीसी आशीष अग्रवाल, बीडीओ मनोज कुमार गुप्ता, सीओ मनोज चौरसिया, पालू पंचायत मुखिया पानो देवी, कोतो पंचायत मुखिया निधि सिंह, अरुण उरांव, आंगन बाड़ी, सेविका, सहायिका सहित ब्लॉक कर्मी और ग्रामीण मौजूद थे।

By Admin

error: Content is protected !!