मईयां सम्मान नहीं, महिला अपमान योजना : सुदेश महतो
रांची: आजसू पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में रविवार को आजसू महिला प्रकोष्ठ की उत्तर छोटानागपुर प्रमंडलीय बैठक हुई। जिसमें मुख्य रूप से केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो मौजूद रहे। सुदेश महतो ने ग्राम स्तर पर मातृ शक्ति को पार्टी से जोड़ने और जागरुक करने के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में महिला सशक्तिकरण की दिशा में आजसू की अहम भूमिका रही है। पंचायत चुनाव में पचास प्रतिशत महिला भागीदारी तथा स्वयं सहायता समूह के गठन के लिए आजसू ने सरकार में रहकर क्रांतिकारी परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त किया।
वहीं सुदेश महतो ने कहा कि हेमंत सरकार ने मईयां सम्मान योजना को महिला अपमान योजना बना दिया है। विधानसभा चुनाव के दौरान वोट बटोरने के लिए 56.61 लाख महिलाओं को मईयां सम्मान योजना के तहत 2500 रुपये दिया। अब दस्तावेजों और नियमों का हवाला देकर पांच लाख महिलाओं को योजना से नाम काटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि जमीनी स्तर पर हेमंत सरकार की बेईमानी का पर्दाफाश करें।
बैठक को विधायक निर्मल महतो, पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, प्रवीण प्रभाकर, संतोष महतो, विजय साहू, बोकारो जिप उपाध्यक्ष बबीता कुमारी, जिप सदस्य खुशबू कुमारी, यशोदा देवी, संगीता बारला आदि ने संबोधित किया। बैठक में उपप्रमुख रिंकी कुमारी, प्रियंका शर्मा, सुहानी एक्का, गीता सिन्हा, संजय मेहता, मंटू महतो, दिलीप दांगी, परमेश्वर महतो, दिलीप दांगी, काशीनाथ सिंह, टिकैत महतो, प्रमिला चौड़े, बबीता देवी, सहित अन्य उपस्थित थे।