लातेहार:  नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 के मद्देनजर शुक्रवार को निर्वाची पदाधिकारी (अध्यक्ष) सह अपर समाहर्ता के कार्यालय में सामान्य प्रेक्षक योगेंद्र प्रसाद और व्यय प्रेक्षक नीरज कुमार की अध्यक्षता में अध्यक्ष पद के सभी उम्मीदवारों, उनके प्रस्तावकों और समर्थकों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रेक्षकों ने अभ्यर्थियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित आदर्श आचार संहिता का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर निर्वाचन व्यय से संबंधित नियमों, व्यय लेखा संधारण तथा समय-समय पर व्यय विवरणी प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।

प्रेक्षकों ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना सभी अभ्यर्थियों की जिम्मेदारी है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित सभी अभ्यर्थियों, प्रस्तावकों एवं समर्थकों से शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं स्वच्छ चुनाव संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। मौके पर निर्वाची पदाधिकारी (अध्यक्ष) सह अपर समाहर्ता लातेहार रामा रविदास सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

By Admin

error: Content is protected !!