गिरिडीह: लोक आस्था के महापर्व चैती छठ पूजा के तीसरे दिन मंगलवार को विभिन्न छठ घाटों पर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया गया। मौके पर शहरी क्षेत्र के अरगाघाट छठ घाट, दीनदयाल छठ घाट, सिहोडीह छठ घाट, शिव शक्ति घाट, बरगंडा स्थित आमघाट, शास्त्री नगर स्थित अमित बरदियार छठ घाट प्रोफेसर कॉलोनी छठ घाट पर व्रतियों ने भगवान सूर्य देव की अराधना की और अर्घ्य अर्पण दिया। महापर्व को लेकर छठ घाटों पर स्वच्छता और आकर्षक विद्युत सज्जा देखने को मिली।
इस दौरान चैती छठ पूजा को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। बता दे कि यह पर्व रविवार को नहाय खाय के साथ शुरू हुआ था। सोमवार को पूरी निष्ठा के साथ खरना विधान संपन्न हुआ। खरना का महा प्रसादी ग्रहण करने के बाद छठ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास भी शुरू हो गया था। आज पूरे विधि विधान के साथ डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया गया। बुधवार की सुबह उदयीमान भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ पर्व का समापन होगा।
