रांची: सूर्योपासना के चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। अवसर पर नदियों, जलाशयों, तालाबों के घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दउरा लेकर लोग व्रतियों के साथ छठ घाटों पर पहुंचे। जहां व्रतियों ने पानी में सूर्य की अराधना की और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर मंगलकामना की।
पर्व को लेकर राजधानी रांची के तमाम छठ घाटों पर विद्युत व्यवस्था के साथ ही आकर्षक सजावट की गई। सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी व्यापक प्रबंध किए गए। वहीं यातायात और विधि-व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल के जवान भी जगह-जगह मुस्तैद रहे।
वहीं राज्य भर में छठ पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह रहा। छठ मईया के बजते गीतों से वातावरण भक्ति में सराबोर रहा। पूजा समितियां और आम लोग छठ व्रतियों की सेवा में तत्परता से जुटे रहे। कल भोर में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ महापर्व संपन्न होगा और छठ व्रती पारण कर 36 घंटे का उपवास समाप्त करेंगे।
