दुमका: काठीकुण्ड थाना क्षेत्र में हुई नाबालिग लड़की की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार बीते 09 अक्टूबर को रात 08:30 बजे काठीकुण्ड थाना प्रभारी को सूचना मिली कि एक नाबालिग लड़की दिन में 03:30 बजे अपने मवेशियों को लाने के लिए मैदान गई थी। मवेशी घर वापस आ गए, लेकिन लड़की घर नहीं लौटी। परिजनों द्वारा खोजबीन करने पर मैदान में रस्सी और चप्पल मिला। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने तलाश की तो गांव से लगभग 500 मीटर दूर चेक डैम के पास झाड़ी में लड़की का शव बरामद हुआ। इस संबंध में काठीकुण्ड थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दुमका पितांबर सिंह खेरवार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर दुमका के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्य, डॉग स्क्वॉड, फिंगर प्रिंट एवं एफएसएल टीम की सहायता से अनुसंधान किया। इस दौरान आसपास के गांवों में करीब 500 लोगों से पूछताछ की गई। पूछताछ के क्रम में ग्राम रासी टोला पिपरा निवासी शिशु टुडू पिता स्व. शामु टुडू उम्र करीब 35 वर्ष को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपना घिनौना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त गमछा और अन्य सामान भी बरामद किया है।

गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। छापेमारी दल में एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार, एसडीपीओ दिलीप खलखो, महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार, थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी शामिल थे।