• आक्रोशित लोगों ने 13 माईल के निकट सड़क किया जाम
बड़कागांव: हजारीबाग-बड़कागांव मार्ग पर टीपी-4 घाटी में गुरुवार की सुबह ट्रक और ईंट लदे ट्रैक्टर में टक्कर हो गई। दुर्घटना में एक व्यक्ति की रिम्स ले जाने के क्रम में मौत हो गई। जबकि दो अन्य घायल हैं। मिली जानकारी के अनुसार महुगाईकला से ईंट लदा ट्रैक्टर हजारीबाग जा रहा था। इस क्रम में विपरीत दिशा से आते ट्रक (JH02AL-5604) ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दिया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार महुगाईकला निवासी मुन्ना कुमार, पिंटू कुमार और चखनू भुईयां घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मुन्ना कुमार पिता सोमर साव को रेफर कर दिया गया। रिम्स ले जाने के क्रम में मुन्ना ने रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं दुर्घटना के बाद ट्रक चालक भाग निकला।
इसे भी पढ़ें – Zero road accident: पतरातू प्रखंड में सड़क दुर्घटना की बड़ी वजह – नशा !
इधर, मुन्ना की मौत से आक्रोशित परिजनों ने 13 माईल के पास सड़क जाम कर दिया। घटना की सूचना पाकर बड़कागांव अंचलाधिकारी बालेश्वर राम, बड़कागांव थाना प्रभारी कुंदन कांत विमल, डाडीकला थाना प्रभारी पिंटू कुमार सदलबल पहुंचे। वहीं घटना की जानकारी पहुंची विधायक अंबा प्रसाद और पूर्व मंत्री योगेंद्र साव ने अंचलाधिकारी बालेश्वर राम के बीच वार्ता की। जिसमें मुआवजे पर सहमति के बाद दोपहर दो बजे जाम हटा लिया गया। बड़कागांव पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया।