पलामू: भारतीय रिजर्व बैंक, रांची के तत्वावधान में जिले के होटल रमाडा, में गुरुवार को पुलिस अधिकारियों के संवेदीकरण (senstisation) हेतु कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के पुलिस अधिकारियों को गैर निगमित इकाइयों द्वारा अनधिकृत डिपॉजिट्स के मामले, वित्तीय धोखाधड़ी, उनकी कार्यविधि (Modus Operandi) और उनसे संबंधित कानूनी प्रावधानों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में खासतौर पर झारखंड प्रोटेक्शन ऑफ डिपॉजिटर्स एक्ट 2011, झारखंड प्रोटेक्शन रूल्स 2015 एवं BUDS एक्ट 2019 पर चर्चा की गई एवं इससे संबंधित जानकारियां दी गईं। अवसर पर भारतीय रिजर्व बैंक के शिकायत निवारण तंत्र यथा एकीकृत लोकपाल एवं सचेत पोर्टल के बारे में भी बताया गया।
कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक से संजीव सिन्हा, महाप्रबंधक (प्रभारी अधिकारी), समीम अंसारी, उप महाप्रबंधक, अरविंद एक्का, सहायक महाप्रबंधक एवं कुमुद कुमार, सहायक प्रबंधक ने हिस्सा लिया।वहीं पुलिस अधिकारियों में एसपी पलामू चन्दन कुमार सिन्हा, पुलिस उपाधीक्षक सहित 40 थाना प्रभारियों ने भाग लिया।
