रांची: भाकपा माले कोडरमा में पूरी ताकत से लोकसभा चुनाव लड़ेगी। राज्य कमेटी के नेताओं को कोडरमा के विभिन्न प्रखंडों की जिम्मेवारी दी गई है। आगामी नौ और 10 मार्च को पोलित ब्यूरो की बैठक में उम्मीदवार को लेकर निर्णय लिया जाएगा। यह बातें भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने गुरुवार को भाकपा माले के राज्य कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही।
उन्होंने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन से मुलाकात कर झारखंड के विकास, राजनीतिक मुद्दों खास कर केंद्रीय एजेंसी का दुरूपयोग, विधायकों की खरीद फरोख्त, हेमंत सोरेन को विधानसभा के बजट सत्र शामिल होने से रोकने का मामला और भाजपा विरोधी सरकार को गिराने की साज़िश के खिलाफ एकताबद्ध संघर्ष की सहमति बनाने की बात हुई है। इंडिया गठबंधन के दलों ने आपसी बातचीत में कोडरमा लोकसभा क्षेत्र माले को देने पर भी सहमति जताई है।
वहीं किसान आंदोलन की चर्चा करते हुए दीपांकर ने कहा कि कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा वार्ता कर रहे हैं और एमएसपी की कानून गारंटी नहीं दे रहे हैं। किसानों के रास्ते कील-कांटे बिछाने, आंसू गैस, पिलेट बुलेट से दमन कर किसानों को घायल और हत्या कर इस मसले का समाधान नहीं हो सकता। अविलंब दमन के सारे विकल्प बंद कर वार्ता की जानी चाहिए। ।किसान देश के दुश्मन नहीं अन्नदाता हैं। उनसे सम्मान पूर्वक पिछले वादों को पूरा करने की गारंटी दी जाय।
भ्रष्टाचार की चर्चा करते हुए दीपंकर ने कहा कि पिछले समय जिन राजनेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाये थे उन्हें सम्मान भाजपा में शामिल कर भाजपा दुनिया की सबसे भ्रष्ट पार्टी बन गयी है। इस सरकार को उखाड़ फेंके बिना भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई असंभव है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के राज्य सचिव मनोज भक्त और पोलितब्यूरो सदस्य जनार्दन प्रसाद उपस्थित थे।