रांंची/जामताड़ा: जिले में ट्रेन की चपेट में आकर दो लोगों के मरने की सूचना मिल रही है। जबकि 10 से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल बताये जाते हैं। हादसा बुधवार की शाम लगभग 06:40 बजे जामताड़ा और विद्यासागर स्टेशन के बीच कालाझरिया के निकट हुआ है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार अंग एक्सप्रेस की एक बोगी में आग लगने की सूचना से मची अफरातफरी के बीच चेन पुलिंग कर किसी ने ट्रेन रोक दी। इस बीच आपधापी में कुछ यात्री ट्रेन से कूद गये और सामने से आती डीएमयू पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गये। सूचना के अनुसार दो की घटनास्थल पर मौत हो गई। जिनकी पहचान मनीष कुमार और सिकंदर कुमार के रूप में हुई है। जबकि कई लोग ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप घायल हो गये। हादसे के बाद बचाव अभियान चालाया गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
फिलहाल मृतकों और घायलों की संख्या और घटना के पीछे वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है। मामले की जांच चल रही है। वहीं हादसे पर प्रधानमंत्री ने शोक संवेदना प्रकट कर दुख जताया है।