मुख्यमंत्री और डीजीपी के निर्देशों का भी पालन नहीं कर रही रामगढ़ पुलिस: अंबा प्रसाद

• विधायक ने शोकाकुल परिवार से की मुलाकात

• पुलिस ने दिया 48 घंटे में अपराधियों को पकड़ने का आश्वासन

 • माही रेस्टोरेंट के संचालक की गोली मार कर हत्या करने का मामला

रामगढ़: बासल थाना क्षेत्र के गेगदा में रविवार की शाम माही रेस्टोरेंट के संचालक की सरेआम हत्या पर सोमवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। हत्याकांड से आक्रोशित लोगों ने रामगढ़-पतरातू फोरलेन सड़क पर आवागमन ठप करा दिया। लबगा चौक पर लोगों ने बेरिकेडिंग और टायर जलाकर सड़क जाम करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोग हत्यारों की गिरफ्तारी को लेकर अड़ गये। कहा कि क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं बढ़ गई है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस नाकाम है। पुलिस की निष्क्रियता से अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है। सड़क जाम की जानकारी पर पतरातू एडीपीओ वीरेंद्र कुमार चौधरी सहित बासल और पतरातू थाना पुलिस पहुंचीऔर लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास किया। लेकिन लोगों का विरोध जारी रहा।

इस दौरान हत्याकांड को लेकर बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद मृतक के आवास पहुंची और परिजनों ने मुलाकात की। विधायक ने पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिलाया और पुलिस को 24 घंटे के अंदर हत्यारों को पकड़ने की चेतावनी दी। बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद ने मीडियाकर्मियों से कहा कि आए दिन रामगढ़ में इस प्रकार की घटनाएं हो रही हैं।  संगठित अपराध रोकने के लिए डीजीपी लगातार निर्देश दे रहे हैं कि  अपराधियों को नहीं बख्शेंगे। लेकिन यहां संगठित अपराध हो रहा है। रामगढ़ जिला में कहीं न कहीं पुलिस जरूर संरक्षण दे रही है, जिससे अपराधियों का मन बढ़ गया है। डीजीपी साहब की भी बात यहां नहीं मानी जा रही है।

विधायक ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री भी अपराध को लेकर लगातार निर्देश दे रहे हैं, लेकिन उनकी बात भी रामगढ़ पुलिस नहीं मान रही है। बढ़ते अपराध पर रामगढ़ एसपी और डीजीपी साहब से बात की जाएगी। कहा कि, पानी अब सिर के उपर से जा रहा है। पुलिस 24 घंटे में अपराधियों को गिरफ्तार करे।

हो हंगामे के बीच पुलिस ने 48 घंटों के अंदर अपराधियों को पकड़ने का भरोसा दिलाया। प्रबुद्ध लोगों के हस्तक्षेप के बाद दोपहर 12:00 बजे के लगभग जम हटा लिया गया।

बताते चले की रविवार की शाम बाइक सवार तीन अपराधियों माही रेस्टोरेंट के संचालक रौशन साहू की चार गोली मार कर हत्या कर दी। घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस की छानबीन चल रही है। 

By Admin

error: Content is protected !!