रांची: झारखंड सहित देश के सभी इलाकों में बुधवार को रंगो का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। गली-मुहल्लों से लेकर चौक-चौराहों पर रंग और गुलाल से सराबोर लोग जमकर मस्ती करते देखे गये। बच्चों के साथ बड़ों ने भी जमकर होली खेली। पकवानों का आनंद उठाया और एकदूसरे को बधाई दी।
होली को लेकर कई जगहों पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ। जहां सब पर होली का खुमार छाया रहा। जगह-जगह पर बड़े बुजुर्ग फगुआ गाते दिखे। वहीं युवाओं की टोली फिल्मी गीतों पर नाचते झूमते रहे। होली के दिन सोशल मीडिया भी होली के रंग में रंगा रहा। लोग होली के वीडियो और तस्वीरों के साथ शुभकामनाएं देते दिखे।

