रामगढ़: थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 पर चुट्टूपालू घाटी में रविवार को पाइप लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में ट्रेलर का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने आननफानन में एंबुलेंस पर घायल ड्राइवर को सदर अस्पताल भिजवाया।
मिली जानकारी के अनुसार कच्चे लोहे के पाइप से लदा ट्रेलर (JH 02 Bk 9008) रांची से रामगढ़ की ओर आ रहा था। इस दौरान चुट्टूपालू घाटी में वन विभाग के वॉच टावर के निकट ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ड्राइवर बुरी तरह से घायल हो गया। जबकि ट्रेलर पर लदे भारी-भरकम पाइप सड़क पर गिर गए। जिससे रांची-रामगढ़ सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।
वहीं दुर्घटना की सूचना पर पहुंची रामगढ़ पुलिस ने घायल ड्राइवर को एंबुलेंस पर सदर अस्पताल भिजवाया। खबर लिखे जाने तक ड्राइवर की पहचान नहीं हो सकी है। जबकि सड़क पर जाम की स्थिति बनी हुई है। रामगढ़ पुलिस सड़क से पाइप हटवाने और आवागमन सुचारू करने की मशक्कत में जुटी हुई है।