नीतीश भारती
मनिका/लातेहार: मनिका थाना क्षेत्र के बिसुनबांध पंचायत अंतर्गत बीकरा गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 7 एकड़ क्षेत्र में लगी अफीम की फसल को नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई मनिका थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बीकरा गांव के जंगली व दुर्गम इलाकों में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती की जा रही है। सूचना की सत्यता की पुष्टि के बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल की टीम गठित कर छापेमारी अभियान चलाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने खेतों में लगी अफीम की फसल को चिन्हित कर विधिवत नष्ट किया।
थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि अफीम की खेती समाज के लिए गंभीर खतरा है और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आगे भी इस तरह के अभियान को जारी रखने की बात कही है और ग्रामीणों से अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।
