रामगढ़: आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शनिवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। इसके साथ ही पूजा समितियां तैयारियों में जोर-शोर से जुट गई हैं।भुरकुंडा के नलकारी नदी घाट की साफ-सफाई के उपरांत दोनों तरफ विद्युत सज्जा की व्यवस्था की जा रही है। निरंकारी पुल निकट भुरकुंडा और सौंदा ‘डी’ में छठ पूजा समितियां तैयारियों में जुटी हुई है। जगह-जगह तोरण द्वार और पूजा पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। सड़क पर रौशनी की व्यवस्था की जा रही है।
वहीं छठ पर्व के मद्देनजर प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार गुप्ता ने शनिवार को नलकारी नदी घाट का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भुरकुंडा पंचायत के मुखिया अजय पासवान से छठ व्रतियों के लिए घाट पर की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों को किसी तरह की परेशानी न हो इसका सभी ध्यान रखें। प्रशासन हर संभव सहयोग के लिए तत्पर है। मौके पर मुखिया अजय पासवान, उप मुखिया संजीत राम, सांसद प्रतिनिधि राकेश सिन्हा, गोपाल करमाली सहित अन्य मौजूद थे।
