राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी ने तैयारियों का लिया जायजा
• 19 सितंबर को होगा उद्घाटन, 4 स्थानों पर होगी प्रतियोगिता
रामगढ़: जिला के सिद्दो-कान्हू मैदान में राज्य स्तरीय खेलो झारखंड अंडर-19 फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को किया जाएगा। राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी धीरसेन सोरेंग ने गुरुवार को आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सिदो कान्हू मैदान, राधा गोविंद विश्वविद्यालय खेल मैदान, डीएवी खेल मैदान रजरप्पा प्रोजेक्ट और छावनी फुटबॉल मैदान का अवलोकन करते हुए खिलाड़ियों के आश्वासन और भोजन से संबंधित जानकारी ली। इस क्रम में उन्होंने कमेटी के नोडल पदाधिकारी, सदस्यों, कोच और रेफरी के साथ बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बताया जाता है कि प्रतियोगिता में अंडर 19 बालक-बालिका वर्ग की 24-24 टीमें रामगढ़ जिला पहुंच चुकी हैं। बालक टीम और तकनीकी पदाधिकारियों का आवासन और भोजन गांधी मेमोरियल प्लस टू उच्च विद्यालय रामगढ़ में किया गया है। जबकि बालिका टीम का आवासन और भोजन की व्यवस्था राधा गोविंद विश्वविद्यालय में की गई है।
वहीं राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी धीरसेन सोरेंग ने कहा है कि खेलो झारखंड प्रतियोगिता के खिलाड़ियों को अग्निवीर और सेना जैसे कई प्रकार भर्तियों में प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि रामगढ़ जिला को अंडर 19 बालक और बालिका राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता पहली बार आयोजित की जा रही है। जिसकी सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। शुक्रवार को उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधि, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित जिले के सभी वरीय अधिकारी शामिल होंगे।