रामगढ़: उच्च विद्यालयों के प्लस टू उच्च विद्यालय में उत्क्रमण करने को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक हुई। जिसमें जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम के द्वारा उपायुक्त सहित समिति के अन्य सदस्यों को प्रखंड स्तर से उच्च विद्यालयों के प्लस टू उच्च विद्यालय में उत्क्रमण को लेकर प्राप्त प्रस्ताव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके उपरांत उपायुक्त के द्वारा विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं शिक्षकों की उपलब्धता बच्चों की स्कूल तक पहुंच सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों के उत्क्रमण पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
इन विद्यालयों के लिए भेजा गया प्रस्ताव
जिला स्तरीय समिति द्वारा उच्च विद्यालय भुरकुंडा, पीएम श्री हाई स्कूल पतरातु, उच्च विद्यालय बरकाकाना, उच्च विद्यालय दाड़ीडीह, उच्च विद्यालय बिचा, उच्च विद्यालय कोरामबे, उच्च विद्यालय बरियातू, उच्च विद्यालय सूतरी, उच्च विद्यालय बंदा, उच्च विद्यालय रजरप्पा प्रोजेक्ट, उच्च विद्यालय कुलही, उच्च विद्यालय गड़के और राम मनोहर लोहिया श्रमिक हाई स्कूल बोंगाहारा को प्लस टू उच्च विद्यालय में उत्क्रमित करने हेतु प्रस्ताव को अनुमोदन देते हुए राज्य स्तर पर अनुमोदन हेतु प्रस्ताव भेजा गया है।
