रामगढ़: भुरकुंडा रेलवे स्टेशन के निकट शुक्रवार को ट्रेन की चपेट में आकर एक रेलकर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान राकेश कुमार यादव (लगभग 50) के रूप में हुई है। वे भुरकुंडा में इंजीनियरिंग विभाग के अंतर्गत पीडब्ल्यूआई मेट के पद पर कार्यरत थे।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर तकरीबन 02:30 बजे पुराने भदानीनगर-लपंगा मार्ग के निकट राकेश कुमार यादव ड्यूटी के समय ट्रैक पार कर रहे थे। इस क्रम में पतरातू से बरकाकाना की ओर जाती शक्तिपुंज एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 11447) उन्हें टक्कर मारते हुए गुजर गई। जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
मामले की जानकारी पर भुरकुंडा रेलवे स्टेशन के अधिकारी, कर्मचारी सहित स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। बताया जाता है कि राकेश कुमार यादव मुंगेर (बिहार) के रहनेवाले थे। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। खबर लिखे जाने तक शव का उठाव नहीं हो सका।
