रामगढ़ में हुई जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक

रामगढ़: उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक अजय कुमार की उपस्थिति में सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। जिसमें सर्वप्रथम जिला खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक के द्वारा अवैध खनन के विरुद्ध किए जा रहे कार्यों की विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई।

इस दौरान उपायुक्त ने विगत कुछ समय में अवैध खनन पर रोक लगाने हेतु किए गए कार्यों की जानकारी ली एवं और भी प्रभावी तरीके से अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उपायुक्त के द्वारा खनन टास्क फोर्स की पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देश के आलोक में किए गए कार्यों की भी जानकारी ली गई।

बैठक में उपायुक्त ने अवैध मुहानों को बंद करने के तहत किए गए कार्यों की जानकारी लेते हुए कहा कि कहीं भी अवैध मुहानों से खनन होने संबंधित सूचना प्राप्त होने पर मुहानों को तत्काल स्थायी रूप से बंद करें। उपायुक्त ने आवश्यक पड़ने पर कंट्रोल ब्लास्टिंग से मुहानों ध्वस्त करने का भी निर्देश दिया। 

इस दौरान उपायुक्त ने खनिजों के परिवहन से संबंधित सभी वाहनों में जीपीएस लगाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया वहीं उपायुक्त ने प्रदूषण नियंत्रण के अधिकारियों सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को जिले के विभिन्न रेलवे साइडिंग का निरीक्षण कर नियम अनुसार रेलवे साइडिंग का संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी सहित अन्य उपस्थित थे।

By Admin

error: Content is protected !!