रामगढ़: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आगामी 12 अप्रैल को झारखंड उत्पाद सिपाही लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त आयोजन हेतु उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और केंद्र अधीक्षकों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की सुचिता बरकरार रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा नियमावली से संबंधित किसी भी प्रकार की दुविधा को समय रहते दूर कर लें ताकि परीक्षा के दिन कार्य सुचारू रूप से चल सके। उपायुक्त ने केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के निर्देश दिए गए ताकि कोई भी अभ्यर्थी अनुचित साधनों का प्रयोग न कर सके।
बताया जाता है कि झारखंड उत्पाद सिपाही परीक्षा के लिए 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा तीन पालियों में आयोजित की जाएगी और कुल 9384 परीक्षार्थी भाग लेंगे।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला स्तरीय वरीय अधिकारियों, प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी, दंडाधिकारियों, केंद्र अधीक्षकों सहित अन्य उपस्थित थे।
