रामगढ़: राजस्व संबंधित कार्यों को लेकर मंगलवार को उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में समीक्षा बैठक हुई। जिसमें राजस्व संग्रहण कार्यों की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने आंतरिक संसाधन, उत्पाद, खनन, परिवहन, विद्युत सहित अन्य संबंधित विभागों से प्राप्त लक्ष्य के अनुरूप अब तक की गई उपलब्धि की जानकारी ली। वहीं उपायुक्त ने निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति जल्द से जल्द सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक के दौरान उपायुक्त ने उत्पाद विभाग को अवैध शराब के विरुद्ध नियमित रूप से छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने जिला खनन पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारियों सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को जिले में संचालित अवैध ईट भट्टो के विरुद्ध जांच अभियान चलाकर नियम अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में नीलाम पत्र वादों की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने संबंधित जिला व अनुमंडल स्तरीय अधिकारियों, अंचल अधिकारियों को बैंक प्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर तीव्र गति से मामले निष्पादित करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान मैनेजर आईटी वेदांत कुमार के द्वारा अंचलवार विभिन्न कार्यों की जानकारी दी गई। इस दौरान उपायुक्त ने दाखिल खारिज मामलों की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने सेवा का अधिकार अधिनियम का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए दाखिल खारिज संबंधित सभी मामलों को निर्धारित अवधि के दौरान निष्पादित करने का निर्देश दिया। मौके पर उपायुक्त ने सभी अंचलों में न्यायालय संबंधित मामलों में कॉज लिस्ट अपडेट करने का निर्देश दिया। इस दौरान परिशोधन पोर्टल के माध्यम से आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही भूमि संबंधित दस्तावेजों में सुधार सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी लेने के क्रम में उपायुक्त ने पोर्टल पर आए आवेदनों को जल्द से जल्द निष्पादित करने का निर्देश दिया।
बैठक में दौरान अपर समाहर्ता कुमारी गीतांजलि, अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग कुमार तिवारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता दीप्ति प्रियंका कुजूर, जिला स्तरीय अधिकारी, अंचल अधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे।
