रामगढ़: साइबर थाना पुलिस ने पतरातू के एक व्यक्ति से 7 लाख 80 हजार की ठगी करनेवाले साइबर अपराधी को देवघर से गिरफ्तार किया है। जिसके पास से साइबर ठगी में प्रयुक्त मोबाइल और पैन कार्ड जब्त किया गया है। अभियुक्त योगेंद्र राणा पिता जगरू राणा देवघर जिला के देवीपुर थाना अंतर्गत बांदरवासा का रहनेवाला है।
इस संबंध में पुलिस की ओर से बताया गया कि बीते तीन सितंबर को पतरातू थाना क्षेत्र के स्टीम कॉलोनी निवासी जवाहर लाल (60 वर्ष) पिता स्व. गणपत प्रसाद नै साइबर ठगों द्वारा उनके स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 7,80,000/- की अवैध निकासी की शिकायत की थी। इस संबंध में साईबर अपराध थाना में काण्ड संख्या 08/2025 दिनांक – 03.09.2025 धारा-66 (C)/66 (D) IT Act एवं 111 (2) (b)/111(4)/319(2) /318(4)/316(2) BNS दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) और थाना प्रभारी साईबर थाना रामगढ़ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम के द्वारा तकनीकी साक्ष्य के आधार पर अग्रेत्तर अनुसंधान करते हुए देवघर जिला के बांदर वासा में छापामारी कर जोगेंद्र राणा को गिरफ्तार किया। जिसके पास साईबर ठगी में इस्तेमाल किया गया मोबाइल और एक पैन कार्ड बरामद किया गया। पूछताछ के क्रम में अभियुक्त ने साईबर ठगी का अपराध स्वीकार किया। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
