भाजपाई सड़क पर उतरे, जमकर की नारेबाजी, कहा – युवाओं के आक्रोश से डरी हेमंत सरकार
रामगढ़: भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा रांंची में आहूत युवा आक्रोश रैली में जाते वाहनों को पुलिस ने कागजात जांच के नाम पर जगह-जगह रोक दिया। इस दौरान चिन्हित कर सिर्फ रैली में जाते वाहनों के कागजात की जांच की गई। जिला के सीमावर्ती सड़कों सहित विभिन्न थाना और ओपी क्षेत्र में पुलिस ने बैरिकेडिंग के वाहनों को रूकवाया और विलंब करने के बाद जाने दिया।
कई जगह विलंब होने से वाहनों में सवार भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतर हेमंत सोरेन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गहमागहमी बढ़ती देखा पुलिस ने वाहनों को जाने दिया। रामगढ़-पतरातू फोरलेन पर बंजारी मंदिर के निकट बरकाकाना ओपी पुलिस ने भी बैरिकेडिंग कर कागजात की जांच की। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दिया। आवागमन बाधित होता देख पुलिस ने वाहनों को छोड़ दिया।
इस दौरान भाजपा ओबीसी मोर्चा के उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल प्रभारी योगेश दांगी ने कहा कि पहले भदानीनगर और उसके बाद बरकाकाना पुलिस ने कागजात जांचने के नाम पर वाहनों को रोक दिया है। कहा कि हेमंत सोरेन झारखंड के युवाओं के आक्रोश से घबरा गये हैं। यह घबराहट राज्य सरकार की नाकामी, राज्य में बढ़ते लूट-खसोट और फैले भ्रष्टाचार के कारण है।
भाजपा नेता रूदल कुमार ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं को सिर्फ ठगने का काम किया है। परीक्षाओं में भ्रष्टाचार कर नौकरी को बेचने का काम किया है। चुनाव नजदीक देख लुभावने योजना लाकर जनता को सिर्फवोट के लिए छला जा रहा है। हेमंत सरकार को झारखंड के विकास से कोई भी सरोकार नहीं है। वर्तमान की राज्य सरकार ने अबतक लूट-खसोट और भ्रष्टाचार के अलावा कुछ किया नही है।
वहीं भाजपा पतरातू मंडल अध्यक्ष राजाराम प्रजापति ने कहा कि पुलिस चिन्हित कर रैली में जाते वाहनों को रोक रही है। जिससे विलंब हो और कार्यकर्ता रैली में नहीं पहुंच सके। हेमंत सरकार किसी तरह राज्य के युवाओं को आक्रोश रैली में शामिल होने से रोकना चाहती है।