रामगढ़: उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर शनिवार को अनुमंडल कार्यालय रामगढ़ में अनुमंडल पदाधिकारी रामगढ़ अनुराग कुमार तिवारी की अध्यक्षता में गैस एजेंसियों के डीलरों के साथ बैठक आयोजित की गई। जिसमें में गैस की उपलब्धता, स्टॉक और उपभोक्ताओं को गैस वितरण की स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में उपभोक्ताओं की संख्या, वर्तमान गैस स्टॉक, बुकिंग की स्थिति तथा आगामी दिनों में आने वाले गैस सिलेंडरों की जानकारी दी गई। अधिकांश एजेंसियों द्वारा बताया गया कि उपभोक्ताओं की मांग के अनुरूप सिलेंडरों का ऑर्डर दिया गया है, जिसके 15 से 17 मार्च 2026 तक प्राप्त होने की संभावना है।बैठक में स्पष्ट किया गया कि रामगढ़ जिले में गैस की कोई कमी नहीं है तथा सभी एजेंसियों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
बैठक में यह भी बताया गया कि कुछ उपभोक्ताओं द्वारा केवाईसी नहीं कराए जाने के कारण गैस बुकिंग में समस्या आ रही है। इस पर अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को केवाईसी कराने के लिए जागरूक करें।
अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी गैस वितरक एजेंसियों को पारदर्शिता के साथ उपभोक्ताओं को समय पर गैस की डिलीवरी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
