रांची: उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने शुक्रवार को कार्यालय कक्ष में कुल-08 प्रखंड विकास पदाधिकारियों को आईकार्ड प्रदान किया। जिसमें लापुंग, बुढ़मू, बेड़ो, चान्हो, बुंडू, राहें, कांके और नामकुम के प्रखंड विकास पदाधिकारी शामिल रहे। अवसर पर उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को नव वर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। साथ ही जनसेवा के प्रति समर्पण पर जोर दिया।
उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचें तथा प्रखंड कार्यालय में आने वाले आमजन की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनें और उन्हें शीघ्रता से निष्पादित कराएं। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि कार्यालय परिसर में बिचौलियों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहे और इस संबंध में कड़ी निगरानी भी रखी जाए।
वहीं उपायुक्त ने कहा कि हर सप्ताह जनता दरबार में प्राप्त होने वाली शिकायतों का निष्पादन गंभीरता एवं समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि आम नागरिकों को त्वरित न्याय एवं राहत मिल सके। उन्होंने पदाधिकारियों से अपील की कि नव वर्ष में जनसेवा को और अधिक प्रभावी बनाते हुए जिला प्रशासन की योजनाओं को धरातल पर उतारा जाए।
