रांची: दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन शुक्रवार देर रात तक शहर के विभिन्न पूजा पंडालों की निगरानी में जुटा रहा। इस दौरान बकरी बाजार, हिंदपीढ़ी, रातू रोड, कोकर और अन्य इलाकों के पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा मानकों, बिजली की व्यवस्था, स्वच्छता और भीड़ प्रबंधन का जायजा लिया गया। पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर तैयारियों की जानकारी भी ली गई।

निरीक्षण के क्रम में प्रशासनिक अधिकारी विभिन्न पूजा पंडालों के उद्घाटन समारोहों में भी शामिल हुए। इनमें हिनू दुर्गा पूजा समिति, बंगला दुर्गा मंडप, वैशाखी संघ दुर्गा पूजा समिति हिंदपीढ़ी, ओसीसी क्लब, रामलला दुर्गा पूजा समिति जिला स्कूल, भारतीय युवक संघ बकरी बाजार, चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति, आरआर स्पोर्टिंग क्लब रातू रोड और कोकर दुर्गा पूजा समिति के पंडाल शामिल रहे।

इस अवसर पर जिलेवासियों की सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की गई। वहीं, वैशाखी संघ दुर्गा पूजा समिति हिंदपीढ़ी की महिला सदस्यों को सम्मानित कर पूजा आयोजन में उनके प्रयासों की सराहना की गई।

जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि पूजा के दौरान व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है। निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और सभी पंडाल निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें।

इस दौरान अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची कुमार रजत, संबंधित पदाधिकारी, शांति समिति के सदस्य तथा विभिन्न पूजा समितियों के अध्यक्ष और सदस्य उपस्थित रहे।