रांची: मोरहाबादी मैदान में दशहरा के अवसर पर मंगलवार को रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के विशाल पुतलों का दहन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सूबे के राज्यपाल संतोष गंगवार मौजूद रहे। जबकि रावण दहन देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग जुटे।
अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, रांची विधायक सीपी सिंह और राज्यसभा सांसद महुआ माजी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान सबसे पहले मेघनाद, उसके बाद कुंभकर्ण और अंत में रावण के पुतले का दहन किया गया। इससे पहले सोने की लंका को भी आग के हवाले किया गया। साथ ही जमकर आतिशबाजी भी की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि विजयादशमी बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। यह पर्व सबको अपने जीवन में सत्य, सदाचार एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है।

