| रांची में दो सड़क परियोजनाओं पर खर्च होंगे 43.75 करोड़ |
रांची: राजधानी में 4.07 किलोमीटर नई सड़क बनाने और 7.90 किलोमीटर सड़क का नवीनीकरण करने की योजना है। दोनों परियोजनाओं पर करीब 43.75 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। करमटोली-ओरमांझी पथ पर आशीर्वाद बैंक्वेट से बरियातू फायरिंग रेंज तक नई सड़क बनेगी, जबकि एलपीएन शाहदेव चौक से बूटी मोड़ तक सड़क की ऊपरी सतह दुरुस्त की जाएगी। पथ निर्माण विभाग ने दोनों कार्यों के लिए निविदा जारी की है।

करमटोली-ओरमांझी पथ से बरियातू फायरिंग रेंज तक 4.070 किलोमीटर सड़क बनाने पर 32 करोड़ 4 लाख 53 हजार रुपये खर्च होने का अनुमान है। रांची पथ प्रमंडल की निविदा के अनुसार, निर्माण पूरा करने के लिए 13 महीने की अवधि तय की गई है। योजना वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत प्रस्तावित है।
वहीं, एलपीएन शाहदेव चौक से बूटी मोड़ तक 7.90 किलोमीटर सड़क के सरफेस रिन्यूवल पर करीब 11.71 करोड़ रुपये खर्च होंगे। विभाग ने इस काम के लिए दूसरी बार निविदा जारी की है। कार्य पूरा करने की अवधि छह महीने निर्धारित की गई है।
रांची के अलावा बोकारो में दांटू-कथारा सड़क के 16वें किलोमीटर पर दामोदर नदी में 337 मीटर लंबा हाईलेवल पुल बनाने की तैयारी है। इसके लिए डीपीआर तैयार कराने की निविदा जारी की गई है। चयनित परामर्शी को रिपोर्ट तैयार करने के लिए 60 दिन मिलेंगे। डीपीआर में पहुंच पथ, भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास और वन भूमि हस्तांतरण से संबंधित विवरण शामिल होंगे।
इसके साथ ही पलामू के नोडीहा बाजार में 3.14 किलोमीटर लंबा बाइपास प्रस्तावित है। इसके लिए भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास और वन भूमि डायवर्जन से जुड़ी प्रक्रियाओं की तैयारी के लिए परामर्शी सेवा ली जाएगी। इस कार्य के लिए 30 दिन निर्धारित किए गए हैं।
पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर राज्य में सड़क संपर्क मजबूत करने और आवागमन सुगम बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। फिलहाल, रांची की दोनों सड़क परियोजनाएं निविदा प्रक्रिया में हैं
– सुनील कुमार, प्रधान सचिव, पथ निर्माण विभाग

