रांची: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग पर शुक्रवार को रांची में छात्र-युवा संगठनों ने साझा मार्च निकाला। आइसा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में भाकपा माले, माकपा सहित विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
मार्च रांची विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन से शुरू होकर परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंचा। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार, भाजपा और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR के जरिए मतदाताओं को उनके अधिकार से वंचित किया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने देशभर में SIR रद्द करने, मतदाता सूची से हटाए गए नामों के आधार पर प्रभावित लोगों के मताधिकार की रक्षा करने और मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग की। उन्होंने चुनाव आयोग के चयन पैनल में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को शामिल करने की भी मांग उठाई।
आयोजकों ने कहा कि ‘पीपुल अगेंस्ट SIR’ के बैनर तले आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं।

