बुंडू/रांची: वेतन बकाया और ओवरटाइम का भुगतान नहीं होने से नाराज पांचा (तैमारा) स्थित अर्बन डिजाइन प्राइवेट लिमिटेड की सैकड़ों महिला कर्मचारियों ने बुधवार को काम बंद कर रांची-टाटा राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सुबह करीब आठ बजे सड़क पर बैठी महिलाओं ने आवागमन रोक दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले दो महीने से वेतन नहीं मिला है। कंपनी में बुनियादी सुविधाओं की कमी और प्रबंधन की ओर से कथित धमकियों को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई।

महिलाओं के प्रदर्शन से रांची-टाटा मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। राहगीरों और वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हुई। सूचना मिलने पर एसडीओ मोहनलाल मरांडी, डीएसपी ओमप्रकाश, सीओ अंश हेम्ब्रम और विभिन्न थानों के प्रभारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने महिला कर्मचारियों से बातचीत कर जाम हटाने और मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया।

दोपहर एक बजे तक सड़क जाम जारी था। महिला कर्मचारी वेतन भुगतान, ओवरटाइम के बकाये और अन्य समस्याओं के समाधान की मांग पर अड़ी थीं। उनका कहना था कि मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक वे सड़क से नहीं हटेंगी। प्रशासन की ओर से प्रदर्शन समाप्त कराने के लिए बातचीत जारी थी। वहीं, कंपनी प्रबंधन की ओर से कर्मचारियों के आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

