भुरकुंडा (रामगढ़): अधर्म पर धर्म की जीत का महापर्व दशहरा बासल थाना क्षेत्र अंतर्गत बलकुदरा और क्वारी गेट में रावण दहन के साथ संपन्न हुआ। अवसर पर बलकुदरा दुर्गा पूजा समिति और क्वारी गेट दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। 

रावण दहन से पूर्व जमकर आतिशबाजी की गई। इसके साथ ही प्रतीकात्मक रूप से रावण का पुतला दहन किया गया। धू-धू कर जलते रावण को देख लोगों ने ‘जय श्रीराम’ के जयकारे लगाए। कई लोग इस खास पल को अपने मोबाइल फोन में कैद करते भी नजर आए।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में दोनों स्थानों की पूजा समितियों की अहम भूमिका रही। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बासल थाना पुलिस भी मुस्तैदी से जुटी रही।