बड़कागांव: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मंडल उरीमारी एवं भाजपा बड़कागांव पूर्वी के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस महात्मा गांधी स्टेडियम उरीमारी में मनाया गया।
मौके पर भाजपा बड़कागांव पूर्वी मंडल महामंत्री दिनेश करमाली ने कहा कि योगा के अभ्यास में अनेक आसन और प्राणायाम शामिल होते हैं। जो हमें शरीर, मन और आत्मा को स्वस्थ बनाने में मदद करते हैं। योगा के माध्यम से हम अपने दिमाग को शांत करते हैं, स्वस्थ रहते हैं और जीवन के तनाव से निपटने का तरीका सीखते हैं।
उन्होंने कहा कि योगा एक प्राकृतिक औषधि है जो हमें अपने शरीर के विभिन्न रोगों से बचाती है और हमारी शारीरिक और मानसिक क्षमता को बढ़ाती है।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ उरीमारी मंडल संयोजक राजपति कुमार ने कहा कि हमारी बदलती हुई जीवनशैली के बीच योग का महत्व और भी ज्यादा बढ़ गया है। अनियमित खान-पान, प्रदूषण भरे माहौल में रहने एवं सोने-जागने का एक निश्चित वक्त ना होना, इन सब कारणों की वजह से कहीं ना कहीं हमारा स्वास्थ्य बहुत बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। जिसका असर हमारी कार्यक्षमता में स्पष्ट तौर पर दिखाई देता है। जब हमारा शरीर और मन स्वस्थ नहीं होता तो हम पूरी ऊर्जा के साथ काम नहीं कर पाते। ऐसे में योग सबसे बड़ी औषधि का काम करता है।
मौके पर मुख्य रूप से कैलाश प्रसाद, सुरेंद्र करमाली, सुरेश प्रजापति, राज करमाली, अजय साव, विष्णु प्रजापति, यशराज, हर्षराज, दीपक कुमार सहित कई लोग मौजूद थे।
