रांची: सर्वधर्म सद्भावना समिति के तत्वावधान में मंगलवार को सद्भावना सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने भाग लिया। अवसर पर आगामी पर्व-त्योहारों की तैयारी, शांतिपूर्ण आयोजन एवं समाज में भाईचारे को बनाए रखने हेतु विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही समिति के सदस्यों ने आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण बनाने हेतु प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

जिला प्रशासन को मिलता रहा है सर्वधर्म  सद्भावना समिति का सहयोग : उपायुक्त 

अपने संबोधन में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सर्वधर्म सदभावना समिति के निरंतर सहयोग की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सर्वधर्म सदभावना समिति के सदस्यों का जिला प्रशासन को लगातार मिलता रहा सहयोग सराहनीय है। इसी सहयोग के कारण राँची जिले में सभी पर्व-त्योहार भाईचारे एवं शांति के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो रहे हैं। मैं सभी सदस्यों से अपील करता हूँ कि आगामी सभी पर्वों में भी अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएँ, ताकि राँची जिला हर वर्ष शांतिपूर्ण ढंग से सभी त्योहार मना सके। वहीं उपायुक्त ने सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर विशेष चिंता जताते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाहें, गलत एवं भड़काऊ संदेश समाज में अराजकता फैला सकते हैं। कृपया केवल सत्यापित एवं सकारात्मक संदेशों का ही आदान-प्रदान करें, ताकि समाज में शांति एवं सद्भाव बना रहे।

सहयोग से शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होते हैं पर्व त्योहार : एसएसपी

समारोह को संबोधित करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक  ने अपने संबोधन में कहा कि रांची पुलिस को सर्वधर्म सदभावना समिति एवं समाज के प्रबुद्धजनों का हमेशा पूर्ण सहयोग प्राप्त होता रहा है। इसी सहयोग के बल पर हम रांची जिले में सभी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण और बेहतरीन ढंग से संपन्न कर पाते हैं। हम सभी से अपेक्षा करते हैं कि आगे भी यह सहयोग जारी रहेगा।

समारोह में ये रहे उपस्थित 

मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वर नाथ, उप प्रशासक राँची नगर निगम राची गौतम कुमार, सर्वधर्म सदभावना समिति के प्रमुख सदस्य डॉ. अजीत सहाय,  जय सिंह यादव, मो. इस्लाम, बार एसोसिएशन के सचिव और मुमताज़ खान, परमजीत सिंह टिंकू, तपेश्वर केसरी, अकीलुल रहमान और समाज के अन्य प्रबुद्धजन विशेष रूप से उपस्थित रहे।

 

यह भी पढ़ें – राजस्व संबंधित कार्यों की रामगढ़ उपायुक्त ने की समीक्षा, दिए दिशा-निर्देश

By Admin

error: Content is protected !!