कोडरमा : समर्पण, आशा संस्था एवं गर्ल्स नॉट ब्राइड के द्वारा जिले के ढोढाकोला पंचायत में बाल विवाह के खिलाफ स्थानीय विभिन्न हितधारकों के साथ एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में मुख्य रूप से स्थानीय मुखिया सीता देवी, पंचायत समिति सदस्य छोटू सिंह, उप मुखिया रामू सिंह, वार्ड सदस्य द्रोपदी देवी, डोमचांच प्रखंड के 20 सूत्री उपाध्यक्ष अनंत कुमार मेहता एवं समर्पण के परियोजना समन्वयक शंकर लाल राणा उपस्थित थे।
मौके पर मुखिया सीता देवी ने कहा कि आज भी बाल विवाह का प्रथा का कायम रहना हम पढ़े लिखे लोगों पर करारा तमाचा जैसा ही है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर हम सभी को पहल करने की जरूरत है। इससे ना सिर्फ बच्चों की शिक्षा बाधित होती है बल्कि उनके स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है।
डोमचांच के 20 सूत्री के उपाध्यक्ष अनंत कुमार मेहता ने कहा कि क्षेत्र में समर्पण के द्वारा अपने अलग-अलग गतिविधियों के माध्यम से लगातार जागरूकता फैलाई जा रही है। यह अपने आप में एक महान कार्य है। परंतु बाल विवाह एवं उन सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ हम सभी को आगें आने की जरूरत है।
समर्पण के शंकर लाल राणा ने कहा कि जागरूकता के अभाव में लोग बाल विवाह से होने वाले भयावह स्थिति के बारे में समझ नहीं पाते हैं और न हीं शिक्षा के महत्व को समझते हैं। जिसके कारण बाल विवाह काफी होता है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह सामाजिक के साथ-साथ कानूनन अपराध भी है। बाल विवाह स्वस्थ समाज निर्माण में सबसे बड़ी बाधा है। लोगों को जागरूक करना एवं बाल विवाह मुक्त वातावरण निर्माण करना आज के कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य है।
चाइल्ड लाइन की मेरियन सोरेन ने बाल विवाह के गलत प्रभावों के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। इस दौरान आंगनबाड़ी सेविका गीता देवी, समर्पण के प्रभाकर कुमार, उमेश कुमार, बबीता कुमारी, लक्ष्मी देवी, क्रांति देवी, संतोषी देवी, गुड़िया देवी, कलवा देवी सहित कई लोग मौजूद थे।