घटनास्थल पर मिली साड़ी, महिला का शव होने की संभावना
रामगढ़: बरकाकाना ओपी क्षेत्र अंतर्गत बुजुर्ग जमीरा में रविवार को मानव कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर बैंगनी रंग की साड़ी पड़ी मिली है। जिससे किसी महिला का कंकाल होने की संभावना जताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार हसेलियाबेड़ा में मवेशी चरा रहे लोगों ने झाड़ियों से घिरे सुनसान स्थान पर बैंगनी रंग की साड़ी पड़ी देखी। पास जाने पर उन्होंने मानव खोपड़ी और कुछेक अस्थिया भी पड़ी हुई पायी। इसकी जानकारी पर आसपास के लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान कौतूहल का माहौल बना रहा। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
मामले को लेकर चर्चा है कि विगत कुछ माह से एक अज्ञात विक्षिप्त महिला क्षेत्र में अक्सर भटकती देखी जा रही थी। जिसकी उम्र तकरीबन 45-50 के बीच थी। इधर, लगभग एक माह से वह क्षेत्र में दिख नहीं रही है। साड़ी से अस्थियां उक्त विक्षिप्त महिला की प्रतीत हो रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक रूप से पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।
वहीं ग्रामीणों की मानें तो घटनास्थल पर बिखरी अस्थियों से प्रतीत होता है कि मौत काफी दिन पहले हुई है।लकड़बग्घे और सियार जैसे जंगली जानवरों ने शव को नोंच खाया है। बहराल, मामले को लेकर पुलिस अग्रेत्तर कार्रवाई में जुटी हुई है।