• पतरातू में MGCPL कंपनी के बेस कैंप पर गोलीबारी में संलिप्तता
• लेवी के लिए पुनः गोलीबारी करने की थी योजना
रामगढ़: एसपी अजय कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कुख्यात राहुल दूबे गैंग के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने एक देशी पिस्टल, एक देशी रिवाल्वर, चार जिंदा गोली, ह्युंडई i20 कार, आठ मोबाइल और एक लैपटॉप जब्त किया है। एमजीसीपीएल कंपनी के पतरातू बेस कैंप पर बीते 29 मार्च हुई गोलीबारी में इन अपराधियों की संलिप्तता बताई जाती है। गोलीबारी के बावजूद काम जारी रहने पर अपराधी पुनः फायरिंग करने की योजना बना रहे थे। 
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने रविवार को प्रेस कांफ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बीते 29 मार्च को पतरातू में रेल ओवरब्रिज के निर्माण में लगी MGCPL कंपनी की साइट पर फायरिंग की गई थी और लेवी के लिए धमकी भरा पर्चा भी छोड़ा गया था। इधर, गुप्त सूचना मिली कि फायरिंग के बावजूद काम जारी रहने पर अपराधी पुनः फायरिंग की योजना बना रहे थे और इसके लिए कार और बाइक पर रेकी कर रहे हैं। जिसपर सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में टीम का गठन कर जगह-जगह एंटी क्राइम चेकिंग शुरू की गई।
इस दौरान पतरातू रेलवे फाटक के पास पुलिस ने एक संदिग्ध कार (JH01FF2503)) और उसके पीछे-पीछे चल रही बाइक को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देख बाइक सवार दो युवक यू-टर्न लेकर भाए गए। जबकि भागने के क्रम में कार रेल ओवरब्रिज निर्माण स्थल पर रखे गार्डर से जा टकराई। पुलिस ने कार सवार तीन युवकों को पकड़ लिया। जिनकी पहचान गिद्दी थाना क्षेत्र के रेलीगढ़ा निवासी तुषार कुमार (20 वर्ष), मिथुन कुमार (28 वर्ष) और भुरकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत रिवर साइड निवासी अमन अंसारी (18 वर्ष) के रूप में हुई।तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास से एक देशी रिवाल्वर, दो गोली (लोडेड) और दो मोबाइल बरामद किया गया। कार की डिक्की से एक लैपटॉप भी जब्त किया है।
पुलिस अभियुक्तों को गिरफ्तार कर गहन पूछताछ की। जिसमें उन्होंने बताया कि राहुल दूबे के कहने पर तुषार सिंह और मिथुन कुमार के द्वारा अन्य के सहयोग से पतरातू रेल ओवरब्रिज निर्माण में लगी एमजीसीपीएल की साइट पर गोलीबारी की गई थी। वहीं अभियुक्त अमन अंसारी की निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी पिस्टल और दो जिन्दा गोली भी बारामद किया। अभियुक्तों द्वारा पुलिस को दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने छापामारी अभियान चलाकर गोलीकांड में संलिप्त रेलीगढ़ा निवासी कुणाल सिंह उर्फ शिवम सिंह (29 वर्ष), बादल सिंह (25 वर्ष), सुमित पांडेय (24 वर्ष) और सन्नी बेदिया को गिरफ्तार किया। अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
