सिमडेगा: पुलिस ने गौवंशीय पशुओं की तस्करी करनेवाले बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। सिमडेगा के बोलबा थाना क्षेत्र के पीडियापोछ जंगल से पुलिस ने 227 मवेशियों को बरामद करते हुए 16 पशु तस्करों को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी हेड क्वार्टर रणवीर सिंह ने बताया कि एसपी सिमडेगा को गुप्त सूचना मिली थी कि बोलबा थाना क्षेत्र के पीडियापोछ जंगल के रास्ते कई गोवंशीय पशुओं को लोग मारते-पीटते कहीं ले जा रहे हैं। सूचना के आलोक में एसपी सिमडेगा के निर्देश पर डीएसपी हेड क्वार्टर के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस टीम के द्वारा छापामारी की गई। जहां 227 गोवंशीय पशुओं को जब्त करते हुए इन्हें लेकर जा रहे 16 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान पता चला कि ये सारे पशु ओडिशा के खटखुरबहार निवासी नक्का, चक्कू, नक्कू और मो. चमन के हैं। जिन्येहें लोग इन सारे पशुओं को रांची निवासी बबलू पासवान और गुमला निवासी मो. इश्तियाक के पास पहुंचाने वाले थे। जहां से सभी मवेशियों को वधशाला में भेज दिया जाता।
गिरफ्तार अभियुक्तों में निखिल कोंगाड़ी, नेत्रमणि बेहरा, आयुष कालो, फिलमोन तिग्गा, सुनील इंदवार, सुलेमान तिर्की, मोधा मिलवार, इंद्रो लकड़ा, सुखराम तिर्की, पास्कल तिर्की, संदीप टोप्पो, सुनील रोहिदास, अलफोंस मिंज, सुकेश बिलूंग, मोहन रोहिदास और खोतरे रोहिदास शामिल है। सभी ओडिशा के रहनेवाले बताए जाते हैं। आरोपियो के पास से पुलिस ने सात कीपैड मोबाईल, दस पीस टॉर्च भी जब्त किया है।
