रांची: बरियातू थाना क्षेत्र में बीते सात मार्च को कोयला कारोबारी विपिन कुमार मिश्रा पर जानलेवा हमला करने के आरोप में पुलिस ने छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने दो ऑस्ट्रिया निर्मित लोडेड पिस्तौल, एक रेगुलर 9mm पिस्टल, एक 7.62 एमएम पिस्टल, छह मैगजीन, 18 जिंदा गोली 9 mm, दो जिंदा गोली 7.62 एमएम और घटना में प्रयुक्त यामाहा मोटरसाइकिल बरामद किया है। गिरफ्तार अपराधियों में प्रेम पांडेय, रहमान अंसारी, अविनाश ठाकुर, शोभित सिंह, करण कुमार और विशाल मुंडा शामिल हैं।
एएसपी चंदन सिन्हा ने प्रेस कांफ्रेंस में खुलासा करते हुए बताया कि रायपुर जेल में बंद अमन साहू (मृत) के निर्देश पर प्रेम पांडेय ने विपिन कुमार मिश्रा हमला कराया था। बिहार के शूटर अविनाश ठाकुर और शोभित ने अन्य अभियुक्तों संग मिलकर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया।
बताते चलें कि बरियातू गर्ल स्कूल के समीप कोयला व्यवसायी विपिन कुमार मिश्रा के ऊपर गोलीबारी की गई थी। विपिन कुमार मिश्रा को दो गोली लगी थी। जिसके बाद अस्पताल में उनका इलाज हुआ था। गोलीबारी की घटना को लेकर बरियातू थाना में कांड दर्ज करते हुए एसआईटी टीम का गठन किया गया। टीम ने अनुसंधान के क्रम में अलग-अलग जगह छापेमारी कर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। जबकि अमन साहू पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस एनकाउंटर में मारा गया है।