मनिका (लातेहार)। पुलिस अधीक्षक गौरव कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मनिका थाना पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। अभियान में पुलिस ने मवेशी लदे दो पिकअप वाहन जब्त करते हुए छह तस्करों को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी की दो पिकअप वाहन पर मवेशियों को क्रूरतापूर्ण लादकर सतबरवा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आलोक में थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास, सअनि कमलेश प्रसाद यादव एवं सशस्त्र बल (सेट-126) के साथ ग्राम नामुदाग स्थित पेट्रोल पंप के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के क्रम में पिकअप वाहन संख्या JH03AP-9759 और JH19F-2465 को रोका गया। तलाशी के दौरान पिकअप वाहन JH03AP-9759 से 5 गाय औ 5 बैल बरामद किए गए। वहीं पिकअप वाहन JH19F-2465 से 10 गाय बरामद की गईं। सभी मवेशियों को अमानवीय ढंग से ठूंस-ठूंसकर लादा गया था।
मौके से छह पशु तस्करों को गिरफ्तार किया गया। जिनकी पहचान हीरालाल चौधरी (50), अहमद अंसारी (66), इरफान अंसारी (47), जुनैद अंसारी (40), अर्चित कुमार यादव (18) और दानिश अंसारी (18 वर्ष) के रूप में हुई है। अभियुक्तों के विरुद्ध मनिका थाना कांड संख्या 09/2026 के तहत पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और अन्य सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बरामद पशुओं को सुरक्षित स्थान पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
