रामगढ़: 15 अगस्त को जहां एक ओर आजादी का जश्न मनाया जा रहा था, वहीं दूसरी ओर सड़कों पर बाइक सवार हुड़दंगियों ने उत्पात मचा रखा था। एसपी के निर्देश पर जिले के विभिन्न थानों और ओपी पुलिस ने अभियान चलाकर तकरीबन 100 से ज्यादा बाइक जब्त कर वाहन चालकों के लाइसेंस, ट्रिपल सवार और हेलमेट की जांच कर जुर्माना ठोक दिया है। 

आजादी का जश्न! रामगढ़ -पतरातू सड़क पर बाइकर्स मचा रहे थे हुड़दंग

स्वतंत्रता दिवस के दिन रामगढ़-पतरातू फोरलेन पर बालिग-नाबालिग बाइक सवारों के उत्पात से अन्य वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। कोई बाइक पर स्टंट करता दिखा, तो कोई मॉडिफाईड हाई स्पीड बाइक के शोर और तेज रफ्तार से सड़क पर चलते दूसरे लोगों के लिए परेशानी खड़ी करता रहा। बाइक पर ट्रिपल राईडिंग तो सामान्य बात रही, वहीं एक बाइक पर चार-पांच किशोर और युवा भी देखे गए। यही नहीं, बड़ी संख्या किशोरियां और युवतियां भी हुड़दंग में शामिल रही। बहरहाल रामगढ़-पतरातू सड़क पर मची धमाचौकड़ी का नतीजा यह हुआ कि एसपी के निर्देश पर भदानीनगर और बासल पुलिस ने बैरिकेडिंग कर बाइक सवार हुड़दंगियों को पकड़ना शुरू किया। दोनों जगहों पर 50-50 से अधिक बाइक जब्त किए गए। बिना लाइसेंस, बिना हेलमेट और तीन सवारों का चालान काटा गया।

एसपी अजय कुमार ने कहा – कम उम्र के बच्चों को नहीं चलाने दें वाहन

रामगढ़ एसपी ने कहा है कि सड़क दुर्घटनाएं पुलिस-प्रशासन सहित पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है। सड़क पर सतर्कता नहीं बरतने से मासूमों की जान चली जाती है। दुर्घटनाओं को लेकर पुलिस गंभीर है और हर जरूरी कदम उठाएगी।  इधर, 15 अगस्त को सूचना मिली कि सड़कों पर बाइक सवार यंगस्टर्स स्टंट कर रहे हैं। दुर्घटना की संभावना को देखते हुए अभियान चलाकर चालान काटा गया है। इस तरह के ड्राइव आगे और भी चलाए जाएंगे। 

वहीं एसपी अजय कुमार ने मीडिया के माध्यम से जिलावासियों से अपील किया है कि सड़क पर लापरवाही और यातायात नियमों का पालन नहीं करने पर दुर्घटनाएं होती हैं। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रयास किए जा रहे है। इसके लिए सभी का सहयोग जरूरी है। आगे उन्होंने कहा कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने नहीं दें। अक्सर देखा जाता है कम उम्र के बच्चों को माता-पिता बाइक दिला देते हैं। सड़क पर जरा सी लापरवाही से मासूमों की जान चली जाती है। इसके लिए बच्चों के अभिभावकों जागरूक होना होगा। कहा कि,  जिले के स्कूलों से भी अपील है कि अवेयरनेस प्रोग्राम चलाएं ताकि माता-पिता बच्चों की जिद में आकर बाइक, स्कूटी या कार चलाने नहीं दें।

 

By Admin

error: Content is protected !!