बोकारो: बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत खेल प्रतियोगिता 2023 का आयोजन गुरुवार को मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम सेक्टर-4 मैदान में किया गया। खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला समाज कल्याण पदाधिकारी मेनका द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। साथ ही झंडे दिखाकर बालिकाओं की दौड़ के साथ खेल प्रतियोगिता शुरू की गई।
अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी मेनका ने बच्चियों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिता से आत्मविश्वास बढ़ता है और संघर्ष करने की क्षमता में वृद्धि होती है। पढ़ाई के साथ खेल-कूद भी जरूरी है। खेल के क्षेत्र में भी अपना और देश का नाम रौशन कर सकते हैं। मेहनत, लगन और एकाग्रता से ही सफलता मिलती है।
इस प्रतियोगिता के तहत 200 मीटर का दौड़, 100 मीटर का दौड़, लॉन्ग जम्प, कब्बडी, रस्सी खींचना, फुटबॉल प्रतियोगिता हुई। जिसमें जिले के राजकीयकृत उच्च विद्यालय लकड़ाखंदा, उत्क्रमित उच्च विद्यालय लंका चंदनक्यारी, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय चास, प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय चास, +2 उच्च विद्यालय पाथुरिया, रामरूद्र उच्च विद्यालय चास, प्लस टू हाई स्कूल पिंद्राजोरा, प्लस टू हाई स्कूल बाधाडीह, प्लस टू हाई स्कूल बरमसिया की बच्चियों ने भाग लिया।मौके पर सभी सीडीपीओ, पर्यवेक्षक, समाज कल्याण विभाग के कर्मी सहित अन्य उपस्थित रहे।
यह रहा प्रतियोगिता का परिणाम
100 मीटर प्रतियोगिता : कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय चास की गायत्री कुमारी प्रथम स्थान एवं इसी विद्यालय की खुशबू कुमारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया तथा उत्क्रमित उच्च विद्यालय लंका चंदनक्यारी की सुनीता महतो ने तृतीय स्थान हासिल किया।
200 मीटर प्रतियोगिता : प्लस टू हाई स्कूल पिंद्राजोरा की निकिता कुमारी प्रथम एवं किरण कुमारी द्वितीय स्थान प्राप्त की है तथा +2 उच्च विद्यालय पाथुरिया की कमला कुमारी तृतीय स्थान प्राप्त की है।
लॉन्ग जंप प्रतियोगिता : उत्क्रमित उच्च विद्यालय लंका चंदनक्यारी की मोनी कुमारी प्रथम स्थान, +2 उच्च विद्यालय पाथुरिया की आंचल कुमारी द्वितीय स्थान एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय चास की लक्ष्मी कुमारी तृतीय स्थान प्राप्त की।
फुटबॉल प्रतियोगिता : उत्क्रमित उच्च विद्यालय लंका चंदनक्यारी विजेता रही एवं राजकीयकृत उच्च विद्यालय लकड़ाखंदा उपविजेता रही।
कबड्डी प्रतियोगिता : रामरुद्र उच्च विद्यालय चास विजेता रही एवं उच्च विद्यालय बाधाडीह उप विजेता रही।
रस्साकशी प्रतियोगिता : कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय चास की बच्चियां विजेता एवं राजकीयकृत उच्च विद्यालय लकड़ाखंदा उपविजेता रही।