1001 महिलाएं कलशयात्रा में हुईं शामिल, दोमुहान में दामोदर से उठाया जल
रामगढ़: भुरकुंडा छठ मंदिर के निकट मंगलवार को सात दिवसीय सूर्य षष्ठी महायज्ञ का शुभारंभ भव्य कलशयात्रा के साथ हुआ। भगवा ध्वजों और गाजेबाजे के साथ 1001 महिलाएं कलशयात्रा में शामिल हुई। इससे पूर्व यज्ञाचार्य पद्मनाभ जी महाराज के मार्गदर्शन में यजमान अशोक तिवारी, विनोद दूबे और गोपाल करमाली का प्रायश्चित संस्कार और मुंडन संपन्न हुआ। इसके उपरांत यज्ञ स्थल से कलशयात्रा निकाली गई।
हर-हर महादेव और जय श्री राम के जयकारे के बीच कलशयात्रा भुरकुंडा थाना चौक, सीएचपी, आकाशदीप कॉलोनी होते हुए सौंदा दामोदर-नलकारी नदी के संगम दोमुहान पहुंची। जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी कलशों में जल भरा गया। कलशयात्रा पुनः उसी रास्ते से यज्ञ स्थल पहुंची। जहां मंडप में कलश स्थापित किए गये। वहीं यज्ञ समिति की ओर से छठ मंदिर के निकट श्रद्धालुओं के लिए बुंदिया, शरबत और पानी का वितरण गया।
बताते चलें कि सात दिवसीय महायज्ञ में 10 अप्रैल बुधवार को पंचांग पूजन और मंडप प्रवेश, 11 अप्रैल गुरुवार को वेदी पूजन, यज्ञेश्वर आव्हान प्रतिष्ठा, 12 अप्रैल शुक्रवार को अरणिमंथन, अग्नि स्थापना और होम आरंभ होगा। 15 अप्रैल को महायज्ञ की पूर्णाहुति होगी। जबकि 16 अप्रैल को महा भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
अवसर पर यज्ञ समिति के सभी पदाधिकारी सहित बरकासयाल महाप्रबंधक अजय सिंह, पीओ मनोज कुमार पाठक, निशी पांडेय, मनोज राम, विंध्याचल बेदिया, संजीव बेदिया, मुखिया अजय पासवान, उपेंद्र शर्मा, डब्लू पांडेय, जगतार सिंह, संतन सिंह, राजकिशोर पांडेय, चंदन साव, मुकेश राउत, राम गोपाल अग्रवाल, अशोक गुप्ता, केसी दास, दशरथ कुर्मी, अशोक शर्मा, अनिल सिंह, रमाकांत दूबे, गुरुदयाल ठाकुर, हरिलाल बेदिया, वीरेंद्र यादव, जग्गू घांसी, सुरेश पासवान, महेश, विक्की पासवान, अमृत सागर, रेणुका देवी,समेत सैंकड़ों लोग उपस्थित रहे।