दुमका: राज्य की मुख्य सचिव अलका तिवारी ने गुरुवार को दुमका जिले का दौरा किया। यहां उन्होंने सपरिवार बाबा बासुकीनाथ और बाबा फौजदारी नाथ का दर्शन कर विधिवत पूजा अर्चना की। वहीं उनके दुमका आगमन पर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने पुष्प गुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया। इसके उपरांत फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में मुख्य सचिव को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।मौके पर आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा, उपायुक्त अभिजीत सिन्हा, पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार सहित जिला पुलिस-प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इसके उपरांत मुख्य सचिव अलका तिवारी ने दरबारपुर पंचायत के झाझापारा में दीदी की दुकान का निरीक्षण कर महिला उद्यमी को ₹30,000 की वित्तीय सहायता प्रदान की। उन्होंने कहा कि ऐसे सूक्ष्म उद्यम महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का आधार बन रहे हैं। इससे लाभुक महिलाएं आजीविका अर्जन के साथ अपने परिवार को भी आर्थिक रूप से मजबूत बना रही हैं। सूक्ष्म उद्यम को और भी बढ़ावा दिया जाना चाहिए।