रामगढ़: थाना क्षेत्र अंतर्गत रामगढ़-गोला रोड में शनिवार को ऑटो पलटने से एक किशोरी की मौत हो गई। मृतका की पहचान कोठार निवासी संजय ठाकुर की पुत्री नेहा कुमारी के रुप में हुई। वह रामगढ़ कॉलेज की की छात्रा थी।
मिली जानकारी के अनुसार नेहा कुमारी बीए सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा देने जीएम कॉलेज भुरकुंडा जाने के लिए निकली थी। इस क्रम में यूको बैंक से कुछ दूरी पर तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने ऑटो उठाया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल नेहा को उसी ऑटो पर अस्पताल ले जाया गया। जहां उसके मौत की पुष्टि कर दी गई। जबकि ऑटो चालक भाग निकला।
घटना से आक्रोशित लोगों ने ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव के साथ प्रदर्शन करते हुए शनिचरा बाजार के निकट रामगढ़-गोला मार्ग जाम कर दिया। बताया जाता है कि ऑटो ड्राइवर नशे में धुत था। वहीं मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। दुर्घटना से रामगढ़ की चरमराती यातायात व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं।
