लंबित कांडों की समीक्षा की, संगठित अपराध पर दिए दिशा-निर्देश
रामगढ़: सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू गौरव गोस्वामी ने शनिवार को भुरकुंडा ओपी का वार्षिक निरीक्षण किया। उनके आगमन पर सर्वप्रथम सहायक ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार की अगुवाई में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। वहीं एसडीपीओ ने भुरकुण्डा ओपी में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों का टर्न आउट चेक किया गया। जिसमें सभी पदाधिकारियों का टर्न आउट उच्च कोटि का पाया गया। इस दौरान किट परेड का भी निरीक्षण किया गया।

वहीं निरीक्षण के क्रम में उन्होंने लंबित काण्डों की सूची, मुख्य हाट, बाजार, मेला की सूची, ग्राम पंचायत के मुखिया, सरपंच और प्रखंड समिति की सूची, निगरानी में रखे गये दागियों की सूची, सीमावर्ती अपराध ऑकड़ा एवं अपराधियों की सूची, अपराध मानचित्र, सरकारी अधिसूचना, थाना में पदस्थापित पदाधिकारियों व कर्मियों का कार्य विवरणी तालिका, मालखाना पंजी, डकैती पंजी, लूट पंजी, गुण्डा पंजी, गिरोह पंजी, फिरारी पंजी, हाजत पंजी, शस्त्र पंजी, उग्रवादी पंजी, निर्गत पंजी, आगत पंजी, मासिक कार्य विवरणी एवं निजी दैनिकी, अप्राथमिकी पंजी सहित अन्य पंजियों की समीक्षा की। जिसमें पाई गई त्रुटियों को दूर करते हुए तख्तियों / पंजीयों को अद्यतन करने और पुराने फटे हालत में पाये गये पंजियों को नये पंजी में संधारित करने हेतु ओपी प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिया।
इसके उपरांत एसडीपीओ गौरव गोस्वामी ने भुरकुण्डा ओपी के भवन, चाहरदीवारी और बैरक का अवलोकन कर साफ-सफाई का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने ओपी में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों के बीच किये गये कार्य बटवारे तथा उनके किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की और लंबित काण्डों की समीक्षा अनुसंधानकर्ता के समक्ष की गई। समीक्षाक्रम में लम्बे समय से लंबित काण्डों के त्वरित गति से निष्पादित करने हेतु निर्देशित किया गया।
इस दौरान एसडीपीओ गौरव गोस्वामी ने संगठित अपराधिक गिरोह के अपराधकर्मियों और सदस्यों के संबंध में आसूचना का संकलन कर कठोर कार्रवाई करने, साथ ही क्षेत्र में समय एवं स्थान बदल-बदल कर पेट्रोलिंग करने, आगामी पर्व में विधि-व्यवस्था बनाये रखने हेतु 24×7 मुस्तैद रहने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखने, वाहन चेकिंग करने और संपत्तिमूलक अपराधों पर अंकुश लगाने सहित कई आवश्यक निर्देश दिए।
