चतरा के प्रतापपुर में सू पंचायत और ग्राम प्रतिनिधि सम्मेलन का हुआ आयोजन

 

रांची/चतरा: झारखंड में चल रही सरकार ने राज्य की छवि बिगाड़ कर रख दी है।‌ जिस तरह के हालात बने हैं उसमें राज्य को संवारना और साख बचाना जरूरी है। साथ ही अब राज्य में जवाबदेह राजनीति को स्थापित करना होगा। यह बातें आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने रविवार को  चतरा के प्रतापपुर में आयोजित पंचायत एवं ग्राम प्रतिनिधियों के सम्मेलन में कही।

उन्होंने कहा कि सरकार के लिए यह विदाई का साल है।‌ राज्य के लोगों का शासन पर से विश्वास खत्म हो गया है। नियोजन, विस्थापन की समस्या दूर करने और स्थानीय नीति बनाने का वादा कर के सत्ता में आए लोग अपने वादे को भूल गए।

इस दौरान चतरा के विधायक और सरकार में मंत्री सत्यानंद भोक्ता पर निशाना साधते हुए आजसू प्रमुख ने कहा कि चतरा की जनता ने उन्हें जनप्रतिनिधि बना कर सदन में भेजा। इनके श्रम एवं नियोजन मंत्री होते हुए भी मात्र 54 लोगों को नौकरी ही मिल पाई। वह भी होम गार्ड और कंप्यूटर ऑपरेटर की। युवाओं को नियोजन से जोड़ने के लिए नियोजन नीति बनाने में भी मंत्री विफल रहे।

कहा कि सरकार रोजगार मेले का आयोजन कर प्राइवेट कंपनियों में युवाओं को काम के नाम पर ऑफर लेटर थमा देती है, पर दूसरे राज्यों में जाकर 10- 12 हजार के काम से किसी का घर-बार चलता है क्या। जो लोग बाहर गए वो भी काम छोड़ कर वापस आ गए। राज्य के युवा इसका जवाब इन्हें देंगे।

आगे सुदेश महतो ने कहा कि चतरा के प्रति हमारी राजनीतिक जवाबदेही और जिम्मेदारी है। पार्टी के सभी कार्यकर्ता जनता के विचारों को एकत्रित करने का काम करें। जोरी को ब्लॉक बनाने के हमारे मंत्रिमंडल का फैसला आज आज भी स्थगित है। आजसू पार्टी जनता की सेवा के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने कहा कि आज राज्य का कोई भी कर्मचारी और पदाधिकारी बिना पैसे लिए किसी फाइल पर हाथ नहीं लगाता।

जयंती पर याद किए गए स्वतंत्रता सेनानी तिलका मांझी

इस मौके पर अमर शहीद तिलका मांझी की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वहीं इससे पूर्व सम्मेलन में शामिल होने रांची से चतरा जाने के क्रम में विभिन्न स्थानों पर पार्टी पदाधिकारियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पार्टी अध्यक्ष सुदेश महतो का भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने रामगढ़, हेसागढ़ा, हजारीबाग में कई जगह उनका अभिवादन किया।

सम्मेलन में मुख्य रूप से केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव अशोक गहलोत, उमेश सिंह भोक्ता केंद्रीय सचिव पारस नाथ सिंह, अवध किशोर केंद्रीय सदस्य,संदीप सिंह केंद्रीय सदस्य, बिनोद चंद्रवंशी, सत्येन्द्र जायसवाल, गायत्री देवी, संध्या देवी, अनुराधा देवी, नगर अध्यक्ष कृष्णा कुमार, सिद्धार्थ शंकर राय समेत अन्य उपस्थित रहें।

 

By Admin

error: Content is protected !!