जनता से अच्छा व्यवहार और शिकायतों का करें त्वरित समाधान : एसपी
रामगढ़: पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने शनिवार को रामगढ़ थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। सर्वप्रथम रामगढ़ थाना आगमन पर उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर” दिया गया। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने थाना में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों का टर्न आउट चेक किया और किट परेड का निरीक्षण किया। इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक ने पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सह अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़, परिक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक, रामगढ़ थाना प्रभारी और थाना में प्रतिनियुक्त सभी पुलिस पदाधिकारियों के समक्ष निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना भवन, चहारदीवारी और बैरक का अवलोकन करते हुए साफ-सफाई का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने लंबित काण्डों की सूची, मुख्य हाट, बाजार, मेला की सूची, ग्राम पंचायत के मुखिया, सरपंच तथा प्रखंड समिति की सूची, निगरानी में रखे गये दागियों की सूची, सीमावर्ती अपराध ऑकड़ा एवं अपराधियों की सूची, मालखाना पंजी, डकैती पंजी, लूट पंजी, गुण्डा पंजी, गिरोह पंजी, फिरारी पंजी, हाजत पंजी, शस्त्र पंजी, उग्रवादी पंजी, अप्राथमिकी पंजी सहित अन्य सूची और पंजियों की समीक्षा की। इस दौरान पाई गई त्रुटियों को दूर करते हुए तख्तीयों / पंजीयों को अद्यतन करने और पुराने फटे हालत में पाये गये पंजियों को नये पंजी में संधारित करने हेतु थाना प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिया गया।
इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने थाना में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों के बीच किये गये कार्य बटवारे तथा उनके द्वारा क्या-क्या कार्य किया जा रहा है की समीक्षा किया गया तथा थाना में लंबित विशेष एवं अविशेष काण्डों की समीक्षा अनुसंधानकर्ता के समक्ष किया गया समीक्षाक्रम में लम्बे समय से लंबित काण्डों के अनुसंधानकर्ता को लंबित कार्रवाई को अविलम्ब पूर्ण करते हुए काण्ड को त्वरित गति से निष्पादित करने हेतु निर्देशित किया गया जिसकी समीक्षा पुनः पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ के द्वारा तिथि निर्धारित कर किया जाएगा।
वहीं पुलिस अधीक्षक थाना प्रभारी रामगढ़ को क्षेत्र में हो रही सड़क दुर्घटना पर अंकुश लगाने हेतु जागरूकता अभियान चलाने, वाहन चेकिंग करने, एनएचएआई और जिला परिवहन पदाधिकारी, रामगढ़ से समन्वय स्थापित कर आवश्यक साइन बोर्ड लगाने आदि सुरक्षात्मक उपाय करने साथ ही थाना क्षेत्र में वीआईपी गतिविधि होने पर आवश्यक सुरक्षा प्रदान करने हेतु निर्देशित किया गया।
अन्त में संगठित अपराधिक गिरोह के सदस्यों एवं अन्य अपराधिक गिरोह जिनके द्वारा विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न किया जा रहा है तथा क्षेत्र में भय का माहौल बनाया जा रहा है वैसे अपराधकर्मियों के संबंध में आसूचना का संकलन कर कठोर कार्रवाई करने साथ ही क्षेत्र में समय एवं स्थान बदल-बदल कर पेट्रोलिंग करने, ईद, सरहूल, रामनवमी में विधि-व्यवस्था बनाये रखने हेतु 24×7 मुस्तैद रहने एवं संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखने, एंटी क्राईम वाहन चेकिंग करने सहित कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। साथ ही थाना में आने वाले आम जनता की शिकायतों का शीघ्र निष्पादन करने और आम जनता के साथ अच्छा व्यवहार करने हेतु निर्देशित किया।
